अटल सदन कुल्लू में माई री का से कहूं नाटक का मंचन करते रंगकर्मी। -संवाद
कुल्लू। जिला कुल्लू में हिम रंग षष्टि नाट्य उत्सव का शुभारंभ हो गया है। प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा और शिमला जिलों में 18 से 27 जून तक विभिन्न नाटकों का मंचन किया जाएगा। वीरवार को उत्सव की विधिवत शुरुआत अटल सदन सभागार कुल्लू में हुई, जहां दर्शकों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही।
उत्सव समन्वयक अभिषेक मोदगिल ने बताया कि राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) रेपर्टरी कंपनी के स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस विशेष नाट्य उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रेपर्टरी कंपनी नई दिल्ली तथा गेयटी ड्रामेटिक सोसायटी शिमला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हिम रंग षष्टि नाट्य उत्सव का पहला संस्करण 18 जून से अटल सदन सभागार कुल्लू में शुरू हुआ है। उत्सव के तहत विभिन्न नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को रंगमंच की समृद्ध परंपरा और उत्कृष्ट अभिनय का अनुभव मिलेगा। संवाद