कुल्लू। विश्व मधुमेह दिवस पर स्वास्थ्य खंड नग्गर की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेखली में खंड स्तरीय जागरूकता एवं गैर-संचारी रोग (एनसीडी) जांच शिविर आयोजित किया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कर्ण के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में करीब 35 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान लोगों के रक्त शर्करा और रक्तचाप की जांच की गई। जांच में मधुमेह और उच्च रक्तचाप के कोई नए मरीज सामने नहीं आए। वहीं, पहले से इन बीमारियों से पीड़ित मरीजों का फॉलोअप कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लिया गया।
स्वास्थ्य शिक्षिका ममता चौहान ने जागरूकता सत्र के दौरान लोगों को मधुमेह के कारणों, बचाव, समय पर पहचान और नियमित जांच के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संतुलित खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधियों और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर मधुमेह के जोखिम को कम किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और किसी भी तरह की परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी वीना, फार्मेसी अधिकारी शालू और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।