पतलीकूहल/नग्गर (कुल्लू)। जिले में शनिवार को हुई भारी ओलावृष्टि ने बागवानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। ओलों की मार से सेब, प्लम और नाशपाती सहित फल एवं सब्जी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है, जिससे बागवानों में चिंता का माहौल है।
इस प्राकृतिक आपदा पर चिंता जताते हुए कुल्लू फलोत्पादक मंडल के प्रधान प्रेम शर्मा ने सरकार और प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत दौरा कर राहत पहुंचाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि शनिवार को जिले की कई पंचायतों में प्रकृति का कहर देखने को मिला। विशेष रूप से रायसन, बंदरोल, देवगढ़, शिरढ़, पिछलीहार, हुरंग, जाणा, नथान और कराडसू पंचायतों के कई गांव ओलावृष्टि से प्रभावित हुए हैं।
प्रेम शर्मा ने कहा कि फलोत्पादक मंडल ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत करवा दिया है। साथ ही मांग की गई है कि स्थानीय प्रशासन को तुरंत प्रभावित बगीचों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि नुकसान का सही आकलन कर बागवानों को उचित मुआवजा मिल सके। ओलावृष्टि से हुए नुकसान ने बागवानों की चिंता बढ़ा दी है और अब उनकी नजरें सरकार की राहत प्रक्रिया पर टिकी हैं।