कुल्लू में पीपल जातर मेले के लिए सजने लगा ढालुपर मैदान।-संवाद
कुल्लू। पीपल जातर (मेला) के आयोजन को लेकर नगर परिषद ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह पारंपरिक मेला मंगलवार सुबह देवता गौहरी के आगमन के साथ शुरू होगा। नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 28 से 30 अप्रैल तक चलने वाली जातर के लिए प्लॉट आवंटन प्रक्रिया जारी है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वर्ष करीब 200 कलाकारों ने आवेदन किया है, जिनमें से चयन किया जा रहा है और स्थानीय कलाकारों को ही प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल की शाम को लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा सांस्कृतिक संध्याओं का शुभारंभ करेंगे। 29 अप्रैल को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अरण्यपाल संदीप शर्मा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि 30 अप्रैल को समापन समारोह में शहरी विकास विभाग शिमला के निदेशक नीरज चड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। पीपल जातर का विधिवत आगाज मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे देवता गौहरी के ढालपुर स्थित मंदिर से ढालपुर प्रदर्शनी मैदान पहुंचने के साथ होगा।
....
सफाई के विशेष इंतजाम
जातर के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए टेंडर प्रक्रिया के तहत 30 सफाई मित्र तैनात किए जाएंगे, जो पूरे आयोजन के दौरान सफाई व्यवस्था संभालेंगे। इस दौरान निरंकारी समागम भी आयोजित हो रहा है, जिसे देखते हुए शौचालयों में किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
....
खेल प्रतियोगिताओं का भी होगा आयोजन
जातर के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें वॉलीबाल, बॉक्सिंग और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
000