टकरासी पंचायत में हुई भारी ओलावृष्टि। संवाद
कुल्लू। रघुपुर घाटी में रविवार को मौसम का कहर देखने को मिला। घाटी के टकरासी और मुहान पंचायत के साथ-साथ लगौटी, फनौटी पंचायत में ओलावृष्टि हुई है। दोपहर बाद करीब 3 बजे भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से सेब और मटर को सबसे अधिक नुकसान हुआ। टकरासी और मुहान पंचायतों के खेत खलिहानों में करीब दो से तीन सेंटीमीटर तक ओला गिरा।
किसानों-बागवानों के अनुसार ओलों से प्रारंभिक तौर पर 20 से 30 फीसदी तक फसल को नुकसान हुआ। बताया जा रहा है कि कई बगीचों में ओलावृष्टि के लिए लगाई नेट भी टूट गई है। इसमें सेब के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। बागवान लीला प्रसाद, गोपाल ठाकुर, ओम प्रकाश और उगम राम ठाकुर ने कहा कि ओलावृष्टि से सेब के पत्ते भी टूट कर जमीन पर गिर गए हैं।
इसके अलावा मटर की फलियों को भी क्षति हुई है। उन्होंने कहा लगातार हो रही बारिश से बागवानी को बहुत नुकसान हो रहा है। सेब की अच्छी फसल की उम्मीद लगाए बैठे रघुपुर घाटी के हजारों किसानों की उम्मीद पर ओलावृष्टि पानी फेर रही है। जिले के बाह्य सराज के कई इलाकों में रविवार को भारी ओलावृष्टि की सूचना है। जिला बागवानी विभाग के उपनिदेशक राजकुमार ने कहा कि जिले के कई इलाकों में ओलावृष्टि की सूचना मिली है। विभाग ने फील्ड स्टाफ से इसकी रिपोर्ट मांगी है। संवाद