खराब मौसम के बीच रघुपुर घाटी और जलोड़ी इलाके में हुई बारिश-ओलावृष्टि
सरकार और विभाग से उठाई फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग
जिले के किसान और बागवान बोले- खराब मौसम ने फेर दिया उम्मीदों पर पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। खराब मौसम के बीच बुधवार को जिले की रघुपुर घाटी और जलोड़ी इलाके में जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे बागवानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
उधर, बुधवार शाम को कुल्लू में भी बारिश हो गई। बारिश और ओलावृष्टि कख्चलते जिले के मौसम में बदलाव आ गया है। इससे ठंड का अहसास होने लगा है।
किसानों ने कहा कि ओले गिरने से सेब के दाने दागदार हो गए हैं। खेतों में तैयार जौ और गेहूं की फसल चौपट हो गई है। उन्होंने सरकार, प्रशासन और बागवानी विभाग से मांग की है कि बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर नुकसान का मुआवजा दिया जाए। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को जिले के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। जलोड़ी के खनाग, लुहाल, कांडा और खनेर, रघुपुर के फनौटी, जुहड़, दपांदा, झाकडूपानी गांव में ओले गिरे। इससे सेब और गेहूं की फसल पर ओलों की मार ज्यादा पड़ी है। बागवान गोविंद सिंह, हेम सिंह, बालक राम, भगत राम, निक्का राम, किशन चंद और मनोहर लाल ने कहा कि बुधवार शाम को जलोड़ी से लेकर रघुपुर घाटी के ऊपरी इलाकों में ओलावृष्टि होने से सेब के दाने दागदार हो गए हैं। खेतों में तैयार जौ और गेहूं की फसल को भी क्षति पहुंची है। कहा कि मौसम ने बागवानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। कहा कि इन दिनों सेब,जौ और गेहूं के लिए मौसम अनुकूल रहना चाहिए। एक सप्ताह से खराब चल रहे मौसम का असर बागवानी और कृषि पर पड़ रहा है। उधर, जिला बागवान विभाग के उपनिदेशक उत्तम पराशर ने कहा कि एक सप्ताह से मौसम खराब रहने से किसानों-बागवानों की चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर सरकार से मुआवजे की मांग की जाएगी।