फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kullu News: गुशैणी-बठाहड़ सड़क क्षतिग्रस्त, 11 बस रूट प्रभावित

विज्ञापन
विज्ञापन
होरनगाड़ में सड़क धंसने से नौ पंचायतों का संपर्क टूटा
विज्ञापन

तीर्थन घाटी के लोगों को टैक्सियों में तय करना पड़ रहा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। तीर्थन घाटी में लगातार हो रही बारिश के कारण बंजार-गुशैणी-बठाहड़ सड़क होरनगाड़ के समीप क्षतिग्रस्त होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क का एक हिस्सा धंसने से 11 बसों के रूट बंद हो गए हैं। इनमें हिमाचल पथ परिवहन निगम की पांच और छह निजी बसें शामिल हैं। इससे नौ पंचायतों के हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। लगातार पांच दिन से हो रही बारिश के कारण नगलाड़ी-शरची सड़क भी बंद पड़ी है। सड़कें बंद होने से लोगों को कई किलोमीटर पैदल सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अधिकतर लोगों को बस से दस गुना अधिक किराया चुकाकर टैक्सियों से ही सफर करना पड़ रहा है।

बागवानों को प्लम और अर्ली सेब की फसल छोटी गाड़ियों में मंडियों तक पहुंचानी पड़ रही है। इससे बागवानों पर परिवहन का खर्च का बोझ और बढ़ गया है। बंजार से करीब चार किलोमीटर दूर होरनगाड़ के पास पहले से ही सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त था। लोक निर्माण विभाग ने वहां अस्थायी रूप से मिट्टी और पत्थर डालकर वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई थी लेकिन उसी स्थान से करीब 150 मीटर पीछे सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। घाटीवासी आदर्श शर्मा, मोहर सिंह और टेक सिंह ने कहा कि बंजार-गुशैणी-बठाहड़ मार्ग तीर्थन घाटी की जीवन रेखा है लेकिन होरनगाड़ के पॉइंट को लोक निर्माण विभाग एक साल से दुरुस्त नहीं कर पाया है और बरसात में लोगों के लिए चुनौती बन गया है।
विज्ञापन


लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि होरनगाड़ के पास भारी बारिश के कारण सड़क का हिस्सा धंस गया है। फिलहाल बसों और बड़े वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। मौसम साफ होने के बाद सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन


बंजार बस अड्डा प्रभारी दीप चंद ने बताया कि सड़क बंद होने के कारण इस मार्ग पर संचालित सभी बस रूटों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सड़क बहाल होने के बाद ही बस सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें