तीसा नाटक विवाद पर राजपूत संघ ने जताया विरोध
स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों पर कार्रवाई न करने की मांग
फोटो सहित
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजपूत संघ कुल्लू ने प्रदेश राजपूत महासभा के आह्वान पर वीरवार को चंबा जिले के तीसा स्कूल में मंचित नाटक में हुए विवाद के संबंध में सहायक उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा। संगठन ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के खिलाफ की जार रही कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार और प्रशासन से निष्पक्ष जांच करने की मांग उठाई है। इस दौरान जिला इकाई के महासचिव हीरा लाल ठाकुर, भीम कटोच, तुलसी राम ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष ईकेएस जम्वाल, कोषाध्यक्ष नरोत्तम रावत और सेवानिवृत्त जिला योजना अधिकारी कुलदीप सिंह मन्हास सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि चंबा जिले के तीसा स्थित एक स्कूल में सामाजिक मेले के दौरान विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत किए गए नाटक को लेकर पैदा हुए विवाद पर चिंता जताई।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि नाटक सामाजिक मुद्दों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का माध्यम है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता संविधान से प्रदत्त अधिकार है। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई करना उचित नहीं है। राजपूत संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि विद्यार्थियों, शिक्षकों या स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कोई अन्यायपूर्ण कार्रवाई की जाती है तो संगठन प्रदेश राजपूत महासभा के नेतृत्व में लोकतांत्रिक और सांविधानिक दायरे में रहकर विरोध करेगा। साथ ही प्रदेश के जनप्रतिनिधियों से इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट और निष्पक्ष राय रखने का भी आग्रह किया।