विकास की बात---लाहौल-स्पीति के लरी में पार्क का शिलान्यास करती विधायक अनुराणा राणा। स्त्रोत
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के लरी स्थित गुरु पद्मसंभव पार्क का अब सौंदर्यीकरण किया जाएगा। करीब 60 लाख रुपये की लागत से पार्क का कायाकल्प होगा, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मंगलवार को विधायक अनुराधा राणा ने पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि राज्य सरकार लाहौल-स्पीति के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पर्यटन, आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।
शिलान्यास के बाद विधायक ने ग्राम पंचायत ग्यू के चंडीगढ़, हुरलिंग और ग्यू गांवों का दौरा कर स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र की विकास योजनाओं, जनसुविधाओं और अन्य समस्याओं की जानकारी ली तथा सभी जायज मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
अपने स्पीति दौरे के दौरान विधायक ने सोमवार को शम जोन की विभिन्न पंचायतों में जनसंपर्क अभियान भी चलाया। ग्राम पंचायत ताबो के पोह और लरी गांव में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और विकास संबंधी मांगें सुनीं। इस दौरान मौजूद विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर एसडीएम दिक्षित राणा, बीडीओ अंशुल शांडिल, बीडीसी सदस्य प्रकाश, ताबो पंचायत के प्रधान छेरिंग, टीएसी सदस्य छेवांग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे छेरिंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। संवाद