मलाणा से नए देवरथ लेकर राजा घेपन का नग्गर पहुंचे देवता का स्वागत करते ग्रामीण।-संवाद
नग्गर/हरिपुर (कुल्लू)। लाहौल घाटी के आराध्य देवता राजा घेपन का नग्गर क्षेत्र के छाकी गांव पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। देवता तीन दिन तक मलाणा में रुके और नए देव रथ का निर्माण करवाया।
साथ ही देव मिलन की परंपरा के साथ धार्मिक अनुष्ठान कार्यक्रम भी विधि-विधान से संपन्न करवाए। इसके बाद देवता नए रथ के साथ लाहौल के लिए रवाना हुए हैं। देवता राजा घेपन के कारदार राजीव ने बताया कि देवता का नया रथ करीब नौ वर्ष बाद तैयार हुआ है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने बताया कि नग्गर के साथ लगते छाकी गांव सहित नग्गर, पतलीकूहल, कटराईं, रायसन और 15 मील क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और जयकारों के साथ देवता का भव्य स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
देव मिलन के उपरांत राजा घेपन अपने नए रथ में सवार होकर लाहौल घाटी के लिए प्रस्थान कर लिया है। अगले दो-तीन दिन में देवता लाहौल पहुंचेंगे। रास्ते में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह देवता का स्वागत किया और सुख-समृद्धि की कामना की। संवाद