केलांग (लाहौल-स्पीति)। मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना के तहत जिले की सभी 48 ग्राम पंचायतों में 16 से 18 नवंबर तक विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं में योजना के नौ चरणों के तहत चिह्नित परिवारों की समेकित सूचियां सार्वजनिक कर ग्रामीणों के बीच उनका सत्यापन किया जाएगा। साथ ही, सूचियों पर चर्चा भी होगी।
उपायुक्त निवेदिता नेगी ने विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि लाहौल और स्पीति विकास खंड की पंचायतों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। संबंधित अधिकारियों को तय कार्यक्रम के अनुसार सभाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को लाहौल की 11 और स्पीति की पांच पंचायतों में ग्राम सभाएं होंगी।
17 नवंबर को लाहौल की 12 और स्पीति की चार पंचायतों में, जबकि 18 नवंबर को लाहौल की 11 और स्पीति की पांच पंचायतों में सभाएं आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इन विशेष ग्राम सभाओं के आयोजन के लिए कोरम की आवश्यकता नहीं होगी। सभी पंचायतों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सूचियों का सार्वजनिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।