कुल्लू। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने प्रदेश सरकार की ओर से आउटसोर्स भर्ती व्यवस्था के संबंध में जारी नए नियमों को बेरोजगार युवाओं के हितों के खिलाफ बताया है। कहा कि कांग्रेस सरकार रोजगार देने के बजाय रोजगार के अवसरों पर ही बंदिशें लगाने में जुटी है।
कांग्रेस ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के युवाओं को पांच लाख स्थायी रोजगार देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आए साढ़े तीन वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ। इसके विपरीत प्रदेश के विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों में हजारों नियमित पद रिक्त पड़े हैं और अब आउटसोर्स रोजगार के अवसरों को भी सीमित किया जा रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि नए नियमों के तहत वित्त विभाग की पूर्व स्वीकृति के बिना कोई भी विभाग नई आउटसोर्स सेवाएं नहीं ले सकेगा और आउटसोर्स व्यवस्था को केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों तक सीमित कर दिया गया है। इससे उन हजारों युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे, जो आउटसोर्स व्यवस्था के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं या रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे हैं। संवाद