मनाली/कुल्लू। अस्त और महंगाई के कारण सोने के दाम में आए उछाल से कुल्लू जिले में अक्षय तृतीया पर कारोबार फीका रहा। कुल्लू, मनाली और भुंतर में अक्षय तृतीया पर लोगों ने सोना और चांदी के आभूषण खरीदने में अधिक दिलचस्पी नहीं दिखाई। हालांकि शुक्रवार को मनाई जा रही अक्षय तृतीया पर ज्वेलर्स को बेहतर कारोबार रहने की उम्मीद है।
मनाली में अक्षय तृतीया पर इस बार खरीदारी का ज्यादा ट्रेंड नहीं है। थोड़ी बहुत रौनक रहती थी जो इस बार गायब है। इन दिनों अस्त चले हैं। अस्त के दौरान लोग सोने चांदी के आभूषण खरीदना उचित नहीं मानते। वहीं, सोने का भाव भी 75000 रुपये प्रति तोला पहुंच गया है। महंगाई के दौर में भी लोग खरीदारी को तवज्जो नहीं दे रहे हैं। ज्वेलर सुभाष सोनी ने बताया कि काम नहीं है। सोना महंगा होने से लोग खरीदारी बहुत कम कर रहे हैं।
जयराम का कहना है कि अक्षय तृतीय की तैयारियां पूरी हैं। उम्मीद हैं कि अच्छा कारोबार होगा। दिनेश का कहना है कि इस साल अक्षय तृतीय फीका चल रहा है। अस्त होने के कारण लोग खरीदारी नहीं कर रहे। साथ ही सोना महंगा भी हो गया है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कारोबार में बढ़ोतरी होगी। कुल्लू शहर में ज्वेलर बलवीर सिंह मल्होत्रा ने कहा कि महंगाई के चलते सोना-चांदी के आभूषण भी महंगे हैं। इसका असर अक्षय तृतीया पर देखने को मिल रहा है।अक्षय तृतीया के एक दिन पहले ज्वेलर्स की दुकानों में मंदा कारोबार रहा। संवाद