संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के सबसे अमीर देवी-देवताओं में शुमार देवता खुडीजल की जमीन पर बनाए गए अस्थायी हेलीपैड को लेकर देवता ने नाराजगी जताई है। देवता ने कहा कि उनसे बिना पूछे हेलीपैड का निर्माण कैसे कर दिया। इसका खुलासा तब हुआ, जब अस्थायी हेलीपैड दलदल बन गया। ऐसे में देवता खुडीजल से पूछ डाली गई। इसमें देवता ने कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि उनकी जमीन पर हेलीपैड बनाया जा रहा है और उन्हें पूछा तक नहीं।
देवता की कड़ी चेतावनी के बाद सबके हाथ-पांव फूल गए। इस भूल के लिए देवता खुडीजल से माफी मांगी गई। इसके बाद हेलीपैड स्थल पर पूजा-अर्चना और हवन पाठ किया गया। इसके बाद जमीन के नीचे निकले पानी का यह दलदल सूख गया और अब जिला प्रशासन के साथ देवता मंदिर कमेटी ने राहत की सांस ली है। अधिष्ठाता खुडीजल ने अपने गूर के माध्यम से चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का देवता खुडीजल की वास स्थली देहुरी में आना तय हुआ है। इसी सप्ताह वह देवता खुडीजल से आशीर्वाद लेने आ सकते हैं। मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के लिए देवता खुडीजल के रोपा में अस्थायी हेलीपैड बनाया गया था। अचानक हेलीपैड जमीन से पानी निकलने के कारण दलदल बन गया। खुडीजल के पुरोहित फौजी लाल शर्मा और मंदिर कमेटी के सदस्य कुमार दत्त शर्मा ने कहा कि इस गलती के लिए सभी लोगों ने देवता खुडीजल से माफी मांगी और हेलीपैड स्थल पर पूजा-पाठ और हवन किया गया। देवता ने आगे से ऐसी गलती करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की भी चेतावनी दी है।