कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय सुल्तानपुर में अध्ययनरत छात्राएं आधुनिक तकनीक से पढ़ेंगी। विद्यालय को प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना में शामिल किया गया है। इसी शैक्षणिक सत्र से योजना के तहत छात्राओं को आधुनिक तकनीक से शिक्षित करने के लिए आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा।
बता दें के पीएम श्री योजना में जिला कुल्लू के 13 विद्यालयों को शामिल किया गया है। इनमें कन्या विद्यालय कुल्लू भी शामिल है। योजना के तहत विद्यालय में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पौने दो करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा। पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय को मॉडल बनाया जाएगा। इसके लिए एक पोर्टल बनाया गया है, जिस पर हर विद्यालय के हर विद्यार्थी के प्रदर्शन का ब्यौरा होगा।
विद्यालय को योजना के तहत पांच वर्ष के लिए 1.88 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस बजट से विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। विद्यालय में डिजिटल पुस्तकालय, टिंकरिंग प्रयोगशाला, रोबो प्रयोगशाला, हर्बल गार्डन, ग्रीन हाउस, किचन हाउस, स्मार्ट क्लास रूम, ओपन एयर जिम, सोलर पैनल आदि सुविधाएं रहेंगी।
प्रधानाचार्य भावना तनवर ने कहा कि कन्या विद्यालय सुल्तानपुर का चयन पीएम श्री योजना में हुआ है। इससे अब विद्यालय में शिक्षा का आधुनिकीकरण होगा, जो छात्राओं के लिए फायदेमंद रहेगा।
विद्यालय में 630 छात्राएं अध्ययनरत
शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कन्या विद्यालय सुल्तानपुर में 630 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय के शैक्षणिक ढांचे के मजबूत होने इन छात्राओं को बेहतर और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मिलेगी। वहीं, यह छात्राएं आधुनिक प्रयोगशाला में नए-नए आविष्कार कर सकेंगी और डिजिटल पुस्तकालय में रूटीन विषयों के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकेंगी।
स्कूल में बढ़ी छात्राओं का संख्या
इस शैक्षणिक सत्र में विद्यालय में छात्राओं की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अभिभावकों ने निजी के बजाय बच्चियों को सरकारी विद्यालय में पढ़ाने में दिलचस्पी दिखाई है। विगत शैक्षणिक सत्र 2023-24 में विद्यालय में 550 के आसपास छात्राओं की संख्या थी, जो इस शैक्षणिक सत्र में बढ़कर 630 के ऊपर पहुंच गई है। हालांकि दसवीं का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अभी विद्यालय में 15 मई तक छात्राएं प्रवेश ले सकतीं हैं। ऐसे में अभी संख्या बढ़ने के आसार हैं।