कुल्लू के पीएचसी भुट्ठी में विश्व टीकाकरण सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित महिलाएं।
कुल्लू। नवजात बच्चों के टीकाकरण का परिजन खास ध्यान रखें। शून्य से पांच साल तक के बच्चों का चिकित्सकीय परामर्श अनुसार नियमित तौर पर टीकाकरण करवाए, ताकि बच्चे निरोग और स्वास्थ्य रहें।
यह बात स्वास्थ्य विभाग की जिला शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी निर्मला महंत ने कही। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भुट्ठी में शनिवार को विश्व टीकाकरण सप्ताह के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऊषा ठाकुर और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. नम्रता विद्यार्थी विशेष तौर पर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। भुट्ठी और आसपास के क्षेत्रों में रैली के माध्यम से ग्रामीणों को टीकाकरण का महत्व बताया गया। बच्चों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए सावधानियां बरतने की अपील की। इसके अलावा कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय महिलाओं को टीकाकरण, एमडीआर, सीडीआर, पीएमएसएमए, सुरक्षित मातृत्व, मलेरिया अभियान आदि से भी अवगत करवाया।
जिला शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी निर्मला महंत ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. एनआर पवार के निर्देशानुसार पीएचसी भुट्ठी में विश्व टीकाकरण सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं को बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल करने की जानकारी प्रदान की गई। संवाद