ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में बुधवार को बसंत पंचमी उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए आराध्य भगवान रघुनाथ ढोल-नगाड़ों की थाप पर लाव लश्कर के साथ अपने देवालय से ढालपुर पहुंचेंगे। बसंत पर्व को मनाने के लिए रघुनाथ के कारकूनों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस मौके पर ढालपुर में गुलाल भी उड़ाया जाएगा जो होली उत्सव तक जारी रहेगा। इसी तरह रघुनाथ के दरबार में 40 दिनों तक गुलाल उड़ता रहेगा। बसंत पंचमी के साथ ही कुल्लू जिला में मेलों का आगमन भी हो जाएगा। वहीं बसंत के आते ही प्रकृति का श्रृंगार पेड़-पौधों में पतों व फूलों से साथ शुरू होगा। भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने कहा कि बसंत पर्व के मौके पर भगवान रघुनाथ की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। रघनुाथ अपने देवालय से 12 बजे रथ मैदान के लिए रवाना होंगे। यहां से दो बजे रथयात्रा निकलेगी और सैकड़ों लोग रथ को खींचेंगे। इस दौरान रघुनाथ की विशेष पूजा-अर्चना भी की जाएगी। जहां पर भरत-राम मिलन रस्म को अदा किया जाएगा। शाम के समय भगवान रघुनाथ अपने देवालय सुल्तानपुर के लिए रवाना होंगे। बसंत पंचमी उत्सव को लेकर शहर के लोगों में भारी उत्साह है।