कुल्लू। सब्जी मंडी भुंतर में बुधवार को गाला किस्म के सेब ने इस सीजन का नया रिकॉर्ड बना दिया। खुली नीलामी में बेहतर गुणवत्ता वाले गाला सेब को अधिकतम 250 रुपये प्रति किलो का भाव मिला।
इससे पहले यही सेब 200 से 235 रुपये प्रति किलो के बीच बिक रहा था। कीमतों में आई तेजी से बागवानों में उत्साह है।बुधवार को कुल्लू, बंजार, आनी, निरमंड और आसपास के क्षेत्रों से गाला सेब की अच्छी आवक रही।
खुली नीलामी के दौरान व्यापारियों में गुणवत्ता वाले सेब खरीदने की होड़ लगी, जिससे दाम 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए। अधिकांश अच्छी गुणवत्ता वाले सेब भी पिछले दिनों की तुलना में अधिक कीमत पर बिके।
बागवान पवन ठाकुर, प्यारे लाल, टेक सिंह नेगी, शंकर सिंह और बीएस ठाकुर ने बताया कि इस समय गाला सेब की गुणवत्ता बेहतर है और बाजार में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। अच्छी कीमत मिलने से उन्हें उत्पादन लागत निकालने के साथ बेहतर मुनाफे की उम्मीद जगी है।
मंडी कारोबारी गुलशन, सोहन सिंह ठाकुर, जय प्रकाश राठौर और ईशान चौधरी के अनुसार, दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर और लखनऊ सहित कई बड़े बाजारों से हिमाचली गाला सेब की मांग बढ़ी है। व्यापारियों की सक्रिय खरीदारी के कारण नीलामी में प्रतिस्पर्धा तेज हुई है।
उनका कहना है कि यदि मौसम और गुणवत्ता अनुकूल रही तो आने वाले दिनों में भी अच्छे दाम मिलने की संभावना बनी रहेगी।