पर्यटन नगरी मनाली के मालरोड में उमड़ी पर्यटकों की भीड़। संवाद
मनाली। पर्यटकों की चहल-पहल से मनाली फिर गुलजार होने लगा है। वीकेंड पर सैलानियों की संख्या में दोगुनी बढ़ोतरी ने पर्यटन सीजन की दस्तक का अहसास कराया है। पिछले तीन दिन में मनाली में चार हजार से अधिक पर्यटक वाहन पहुंचे। इसके अलावा करीब 100 वोल्वो बसों, टैक्सियों और टेंपो ट्रैवलर के माध्यम से भी पर्यटक मनाली पहुंचे। अनुमान है कि तीन दिनों में 35 हजार से अधिक पर्यटक मनाली पहुंचे हैं।
मार्च के पिछले सप्ताह के तीन दिनों में करीब दो हजार पर्यटक वाहन मनाली आए थे। इस सप्ताह वीरवार, शुक्रवार और शनिवार को यह आंकड़ा चार हजार के पार पहुंच गया। रविवार को भी पर्यटकों के आने का सिलसिला जारी रहा। ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार वीरवार को 1137, शुक्रवार को 1329 और शनिवार को 1665 पर्यटक वाहन मनाली में दाखिल हुए। होटलों की ऑक्यूपेंसी भी बढ़कर 65 से 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। पिछले सप्ताह यह करीब 50 प्रतिशत थी।
रविवार को सोलंगनाला, अटल टनल, हिडिंबा मंदिर, मनु मंदिर, वशिष्ठ तथा राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी रही। हिमालयन ट्रैवल कंपनी के संचालक खूब राम ने बताया कि पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। होटल संचालक गौतम राम, हंसराज और प्रीतम चंद ने बताया कि वर्तमान में होटलों की ऑक्यूपेंसी 65-70 प्रतिशत के बीच चल रही है। आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है।
.....
पर्यटकों ने बर्फबारी का लिया आनंद
रविवार को अटल टनल क्षेत्र में बर्फबारी हुई, जिसका पर्यटकों ने जमकर आनंद लिया। फोर बाई फोर वाहनों के माध्यम से पहुंचे पर्यटकों ने बर्फ के बीच मस्ती की। कई पर्यटक मौसम पूर्वानुमान के आधार पर बर्फबारी की उम्मीद में मनाली पहुंचे थे और उनकी यह उम्मीद पूरी भी हुई। अधिक बर्फबारी होने पर पुलिस ने एहतियातन पर्यटकों को मनाली की ओर वापस भेज दिया। दिल्ली से आए पर्यटक सुरजीत ने बताया कि उन्होंने बर्फबारी का भरपूर आनंद लिया।