कुल्लू। कोरोना कर्फ्यू में भी कुल्लू जिले में चरस की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस ने दो मामलों में तीन किलो चरस के साथ हरियाणा के तीन युवकों सहित चार आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह पुलिस की टीम मणिकर्ण में शांगणा पुल के पास नाका लगाकर बैठी थी। इस दौरान पुलिस ने बरशैणी से मणिकर्ण की ओर से आ रही कार को तलाशी के लिए रोका। वाहन चालक से सड़क पर निकलने का कारण पूछा तो वह सही जवाब नहीं दे पाया। शक के आधार पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। इस दौरान कार से 1.939 किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी चालक संदीप (24), प्रवीण कुमार (23) और राहुल (23) निवासी मकान थाना, तहसील नारनोंद, जिला हिसार, हरियाणा को गिरफ्तार किया। उधर, आनी में भी पुलिस ने शनिवार रात को गश्त के दौरान एक व्यक्ति से 1.19 किलो चरस पकड़ी है। आरोपी मोहर सिंह (45), निवासी डगूट, डाकघर जाओं, तहसील आनी, कुल्लू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने तीन किलो चरस के साथ चार लोगों को पकड़ा है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।