उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। विधायक लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा ने अपने स्पीति प्रवास पर लालूंग पंचायत के लिंगती गांव में 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक एवं महिला मंडल भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस भवन में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस भवन के बनकर तैयार होने पर लिंगती महिला मंडल सहित गांव में आयोजित होने वाली बैठकों, गतिविधियों, समारोह व अन्य कार्यक्रमों को आयोजित करने में सुविधा मिलेगी।
इसके उपरांत विधायक अनुराधा राणा लालूंग पंचायत के गांव रामा में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया।
इस दौरान विधायक ने लिंगती, रामा, लालूंग, तंगती गोगमा, तंगती योगमा, बर, सेलिंग, गुलिंग और कुंगरी गोंपा में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस मौके पर टीएसी सदस्य छेवांग रिंजिन और सन्नी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे छेरिंग, खंड विकास अधिकारी अंशुल, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग मनोज नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।