कुल्लू के तलोगी के जंगल में बुधवार रात को लगी आग से जलती वन संपदा।-संवाद
कुल्लू। बिजली महादेव की पहाड़ी के जिया और तलोगी के जंगलों में बुधवार शाम को दूसरी बार आग भड़क उठी। आग रातभर जंगलों में सुलगती रही। वन विभाग की टीमों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद वीरवार को आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग की चपेट में आने से कुल्लू और जरी वन वृत्त की करीब 45 हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित हुई है।
कुल्लू के परिक्षेत्र अधिकारी जमेर सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात तक ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान चलाया गया। रात के समय आग बुझाने के दौरान खतरे को देखते हुए अभियान रोकना पड़ा। वीरवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
उन्होंने बताया कि आग से कुल्लू वन वृत्त की 15 हेक्टेयर और जरी वन वृत्त की 30 हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित हुई है। आग से जमीन पर उगने वाली वनस्पति (ग्राउंड फ्लोरा) को भी नुकसान पहुंचा है। इससे वन संपदा को भारी क्षति हुई है।
जिया और तलोगी के जंगलों में बुधवार को दूसरी बार आग लगने से वन विभाग की चिंता बढ़ गई। आग की लपटें उठने के बाद आसपास के जंगलों में भी आग फैलने का खतरा पैदा हो गया था। वन विभाग की टीमों ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और आसपास के वन क्षेत्र को आग की चपेट में आने से बचा लिया।
तीन दिन से सुलग रही बिजली महादेव की पहाड़ी
बिजली महादेव की पहाड़ी के जंगलों में पिछले तीन दिन से आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं से कुल्लू और जरी वन वृत्त में करीब 80 हेक्टेयर वन संपदा प्रभावित होने की जानकारी है। जंगलों में आग लगने से वन्य जीवों के साथ पर्यावरण पर भी खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में वन संपदा को बचाने के लिए जंगलों में आग की घटनाओं पर नजर रखना और समय रहते कार्रवाई करना जरूरी है।