हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत थीम पर झाकियां निकालने का लिया निर्णय
विभिन्न देशों के साथ भारत के विभिन्न राज्यों के कलाकार भी करवाएंगे संस्कृति के दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। दो अक्तूबर से शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में 8 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय कल्चर परेड का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न देशों से आए कलाकारों के साथ भारत के विभिन्न राज्यों के कलाकार भी अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।
पहली बार जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की ओर से आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने सेामवार को शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित की।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष कुल्लू कार्निवाल का बेहतर एवं अधिक समावेशी आयोजन करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की आकर्षक झांकियों को शामिल किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पाठशालाओं को आकर्षक पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने सभी के सुझाव सुने। सभी को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत थीम पर बेहतर सृजनात्मकता के साथ झांकियों को प्रदर्शन करने की बात कही। दो से आठ अक्तूबर तक मनाए जाने वाले देवी-देवताओं के महाकुंभ को लेकर दशहरा उत्सव समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इस मौके पर सहायक उपायुक्त जयवंती ठाकुर, डीएफओ शशि किरण, जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया, तहसीलदार सुरभि नेगी सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा शिक्षण संस्थानों के प्रमुख उपस्थित रहे।