मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मंगलवार को अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अवैध अतिक्रमण हटाने और मलबा निस्तारण से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। एनएचएआई के सहयोग से अतिरिक्त पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना की भी समीक्षा की गई। शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए मनाली के द्वार और भूतनाथ क्षेत्र में फुटओवर ब्रिज बनाने की योजना पर विचार किया गया। वहीं, कन्याल रोड जंक्शन और मुख्य मनाली चौक पर प्रस्तावित फ्लाईओवर की प्रगति भी जानी गई।
ग्रीन टैक्स बैरियर से जुड़े मुद्दों के समाधान और यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा ब्यास नदी में चल रहे ड्रेजिंग कार्य और सुरक्षा दीवारों के निर्माण की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने ड्रेजिंग कार्यों के लिए वन संरक्षण अधिनियम के तहत लंबित मंजूरी का मामला भी उठाया, ताकि बाढ़ सुरक्षा और नदी तट संरक्षण से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें। बैठक में अतिरिक्त जिला उपायुक्त सुरजीत सिंह राठौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, एसडीएम डॉ. जयवंती ठाकुर सहित वन और खनन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद