लाहौल के धौधंल नाला में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल।-संवाद
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के अति दुर्गम क्षेत्र मयाड़ के धौंधल नाले में वीरवार शाम करीब पांच बजे बाढ़ आ गई। इससे नाले पर बना अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते क्षेत्र के सात गांवों के लोगों का वाहनों के माध्यम से आना-जाना प्रभावित हो गया है। स्थानीय निवासी सचिन बौद्ध, तेंजिन योमुपा और प्रीतम ठाकुर ने बताया कि पुल टूटने से करपट, रुवलिंग, तिंगरेट, चांगुट, उडगोस, छालिंग और खंजर गांव के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल के कारण अब क्षेत्र के लोगों का यातायात संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। लोगों को अपने सब्जी उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना मुश्किल हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग चिनाव मंडल उदयपुर के अधिशासी अभियंता अश्वनी कुमार ने बताया कि बाढ़ से पुल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विभाग ने इसे ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने शुक्रवार शाम तक इस पुल को ठीक कर वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु करने का दावा किया है।