कुल्लू। जिले में पांच हजार से अधिक पेंशन धारकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की अगली किस्त से वंचित होना पड़ेगा। इन पेंशन धारकों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से 15 फरवरी तक पेंशन धारकों को ई-केवाईसी करवाने को कहा गया था। अब विभाग ने 28 फरवरी तक ई-केवाईसी करने की तिथि बढ़ाई है। छूटे पेंशन धारक ई-केवाईसी करवा सकते हैं।
गौर रहे कि सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया था कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों का ऑनलाइन माध्यम से ई-केवाईसी सत्यापन सुनिश्चित करने लिए एक मोबाइल एप तैयार किया जाए, जिससे सभी पात्र पेंशनरों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन सुचारु रूप से उनके बैंक/डाकघर के बचत खातों में वितरित की जा सके। ई-केवाईसी का कार्य विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जुलाई 2025 में शुरू किया गया था। ई-केवाईसी सत्यापन पूरा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 रखी थी। इसके बाद तिथि को 15 फरवरी तक बढ़ाया गया था। समय अवधि पूरा होने के बाद भी जिले में 5,542 पेंशन धारकों ने अपनी ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया। हालांकि ई-केवाईसी आधार आधारित होनी है। कई पेंशन धारकों को आधार में गड़बड़ी होने के कारण ई-केवाईसी करवाने में परेशानी भी आ रही है।
यहां जाकर करवाएं ई-केवाईसी
सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थी जिन्होंने अपनी ई-केवाईसी नहीं करवाई है, वे अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित ई-केवाईसी सत्यापन करवाएं।
28 फरवरी तक बढ़ाई ई-केवाईसी करने की तिथि
जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने कहा कि सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थी, जिन्होंने अपना ई-केवाईसी सत्यापन अभी तक नहीं करवाया है, वे अपने नजदीकी आगंनबाड़ी केन्द्र अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर 28 फरवरी से पूर्व सभी ई-केवाईसी करवाना सुनिश्चित करें। इस अंतिम अवसर के उपरांत, पेंशन लाभार्थी द्वारा अपनी ई-केवाईसी सत्यापित नहीं करने की स्थिति में यह समझा जाएगा कि पेंशनर अनुपलब्ध है अथवा सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने हेतु पात्र नहीं है तथा उन पेंशनरों की पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी।