बंजार (कुल्लू)। तीर्थन घाटी की छह ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाली पांच संपर्क सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इन सड़कों के उन्नयन कार्य का शुभारंभ रविवार को एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने कमेडा गांव में किया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-4 का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की कच्ची सड़कों को पक्का कर बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि तीर्थन घाटी को जोड़ने वाली बंजार-बठाहड़ मुख्य सड़क का एफडीआर (फुल डेप्थ रिक्लेमेशन) योजना के तहत 22 करोड़ रुपये की लागत से विस्तारीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य पहले ही शुरू किया जा चुका है।
इसके अलावा गुशैणी में पक्के पुल का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है, जबकि दोगड़ा में भी जल्द ही लोक निर्माण विभाग पक्के पुल का निर्माण शुरू करेगा। राम सिंह मियां ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुरानी सब्जी मंडी में प्रतिदिन 10 हजार लीटर दूध संग्रहण क्षमता वाला बल्क मिल्क कूलर स्थापित करने की घोषणा की है। इसका उद्घाटन जल्द किया जाएगा।
इसके साथ ही गुशैणी में 30 केवीए सब-स्टेशन का निर्माण भी शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने बताया कि बठाहड़ से बशलेऊ ब्राइडल पाथ के निर्माण के लिए भी बजट स्वीकृत हो चुका है। संवाद