कुल्लू। लोक निर्माण विभाग ने काम नहीं करने वाले एक ठेेकेदार की साढ़े पांच लाख की सिक्योरिटी जब्त कर ली है। लोक निर्माण विभाग की इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है। मामला शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के गृह क्षेत्र मनाली विधानसभा का है।
मामला रविवार को जनमंच में भी उठा था। शिकायतकर्ता देवी सिंह ठाकुर ने डोभी फलाइण सड़क की खस्ता हालत पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि सड़क की खस्ता हालत के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभाग के अधिकारियों के समक्ष मांग उठाने के बाद लोगों की समस्या का हल नहीं हो पाया है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा ने कहा कि ठेकेदार को सड़क का काम दिया गया था। लेकिन ठेकेदार काम नहीं कर रहा था। कई बार ठेकेदार को काम पूरा करने के लिए भी कहा गया। लेकिन ठेकेदार ने काम नहीं किया। इसके बाद विभाग ने अब ठेकेदार की साढ़े पांच लाख की सिक्योरिटी जब्त कर ली है। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। इस प्रकार और ठेकेदारों की ओर से लापरवाही बरतने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।