संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल में नाकाबंदी पर वाहन में सवार दो युवकों को 5.161 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार रविवार रात को बंजार पुलिस के जवान दीपक कुमार, ओम प्रकाश, श्याम दास, संजय कुमार तथा कर्मचंद टीम ने एनएच-305 पर स्थित फागू पुल पर नाका लगाया था। इस दौरान पुलिस ने सामने से आती हुई एक कार को तलाशी के लिए रोका। इसमें दो युवक सवार थे। पुलिस ने वाहन के कागजात दिखाने को कहा, जिससे दोनों घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो गाड़ी से चरस की खेप बरामद की। आरोपियों की पहचान चालक महेंद्र सिंह (23) व खेमराज (26) निवासी ग्रामंग डाकघर सालंग, कुल्लू के रूप में हुई। इसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू गरदेव शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ हो रही है।