उदयपुर/केलांग (लाहौल-स्पीति)। दिवाली पर पटाखों की बिक्री को लेकर लाहौल-स्पीति प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केलांग में पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित स्थल पुलिस ग्राउंड में ही लगाई जा सकेंगी। बाजार में किसी अन्य स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी।
उपमंडल दंडाधिकारी केलांग कुनिका एकर्स ने नायब तहसीलदार शेर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। शनिवार को शेर सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ केलांग बाजार का निरीक्षण कर पटाखों की दुकानों और बिक्री से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और संबंधित लोगों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी और निर्धारित स्थल पर ही दुकानें लगाने की हिदायत दी।
शेर सिंह ने दुकानदारों को पटाखों के भंडारण और बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों में अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। ज्वलनशील सामग्री को पटाखों से सुरक्षित दूरी पर रखा जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दुकानों के कारण आम लोगों की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए। सभी दुकानदार प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।