कसोल के होटल की तीसरी मंजिल में भड़की आग। जागरूक पाठक
कुल्लू। पार्वती घाटी के कसोल में रविवार आधी रात एक होटल की तीसरी मंजिल में आग लगने से चार कमरे, गैलरी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग से अफरातफरी मच गई। घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है, जबकि 40 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
होटल के मालिक किशन सिंह ने इसे लीज पर रायसन के व्यक्ति रंजीत नेगी को दिया है। रविवार रात करीब 11 बजे अचानक होटल की तीसरी मंजिल में आग लग गई। होटल में पर्यटक भी रुके थे, जो कसोल बाजार घूमने निकले थे। आग की लपटों ने होटल के चार कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचित किया। सायरन सुनकर कसोल के अन्य होटलों में रुके पर्यटक भी कमरों से बाहर आ गए।
काफी देर तक यहां पर अफरातफरी वाला माहौल रहा। दमकल विभाग की टीम कसोल पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया गया। टीम ने तीन होटल और एक गेस्ट हाउस को आग की चपेट में आने से बचा लिया। पिछले तीन महीनों में कसोल के होटलों में आग की यह दूसरी बड़ी घटना है।
अग्निशमन विभाग के फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने कहा कि कुल छह सदस्यों की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है। आग से दमकल की टीम ने करीब पांच करोड़ की संपत्ति को जलने से बचाया है। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई अमल में लाई। संवाद