क्षेत्रीय अस्पताल की घटना, आपातकालीन ओपीडी में रात्रि ड्यूटी पर तैनात थीं चिकित्सक
महिला सुरक्षा कर्मी ने बीच-बचाव का डॉक्टर को छुड़ाया, डॉक्टर को आईं चोटें
प्रबंधन ने अस्पताल में भर्ती मरीज के खिलाफ शिकायत देकर मांगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में नाइट ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक के साथ मरीज की ओर से दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती मरीज ने महिला चिकित्सक को गले से पकड़ लिया।
आरोपी ने डॉक्टर के बाल भी खींचे। चिकित्सक के साथ मौजूद महिला सुरक्षा कर्मी ने बीच बचाव किया। इस घटना में महिला चिकित्सक को चोटें आई हैं। उधर, अस्पताल प्रबंधन ने आरोपी मरीज के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार महिला चिकित्सक 15 मई को नाइट ड्यूटी पर थीं। देर रात करीब 11:30 बजे अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने महिला चिकित्सक के साथ दुर्व्यवहार किया। डॉक्टर को गले से पकड़ा और बाल खींचे। घटना के समय मौजूद महिला सुरक्षा कर्मी ने बीच-बचाव कर डॉक्टर को छुड़ाया।बताया जा रहा है कि अभद्र व्यवहार करने वाला मरीज नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र भुंतर में भी उपचाराधीन था।
अस्पताल के ट्राॅमा (आपातकालीन ओपीडी) में 15 और 16 मई की रात को महिला चिकित्सक की उपचार ड्यूटी थी। महिला चिकित्सक ओपीडी से ऑन कॉल मेडिसिन वार्ड में मरीज को देखने पहुंचीं, लेकिन वार्ड में मरीज ने चिकित्सक के साथ दुर्व्यवहार किया।
अस्पताल प्रबंधन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अलग-अलग शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में हुई इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
उधर, कुल्लू अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ताराचंद ने कहा कि अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर में रात्रि उपचार सेवाओं में तैनात महिला चिकित्सक के साथ उपचाराधीन मरीज ने अभद्र व्यवहार और हाथापाई की है। इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पुलिस में दी है। पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। उधर, एएसपी संजीव शर्मा ने कहा कि शिकायत मिली है। जांच की जा रही है।