कुल्लू। जिले में माउंटेन ट्रेल डेवलपमेंट प्लान तैयार करने की दिशा में मंथन शुरू हो गया है। उपायुक्त कुल्लू ने ईको टूरिज्म सोसायटी कुल्लू और नेचर कंजरवेशन सोसायटी की गवर्निंग बॉडी को इस दिशा में सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को आयोजित गवर्निंग बॉडी की 17वीं बैठक में उपायुक्त ने भाग लेते हुए जिले के विभिन्न ट्रैकिंग रूट्स को व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ईको टूरिज्म के माध्यम से न केवल प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होगा, बल्कि स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाते हुए सतत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
अरण्यपाल संदीप शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मौहल स्थित वाटर लेक के संचालन, कैसधार और जाणा वन विश्राम गृह के सुदृढ़ीकरण पर विशेष चर्चा की गई। इसके अलावा मनाली क्षेत्र में डंपिंग साइट के पास एडवेंचर गतिविधियों को बढ़ावा देने, सोलंगनाला से अंजनी महादेव तक एटीवी ट्रैक शुरू करने, मनाली के होटल चंद्रताल क्षेत्र में कैंपिंग साइट विकसित करने और जरड़ विहाल वन विहार में राफ्टिंग गतिविधियों के लिए यूजर चार्ज निर्धारित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि ईको टूरिज्म गतिविधियों के संचालन में स्थानीय युवाओं और महिला मंडलों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस अवसर पर जीबी पंत पर्यावरण संस्थान मौहल के राकेश कुमार सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद