मनाली। पर्यटन नगरी में आजकल कारोबारी मायूस हैं। फरवरी खत्म होने वाला है, लेकिन पर्यटन कारोबार ने रफ्तार नहीं पकड़ी है। आलम ये है कि होटलों की आक्यूपेंसी 30 से 40 फीसदी रह गई है, जबकि ग्रामीण इलाकों में बने कई होटल खाली चल रहे हैं।
मनाली का पर्यटन कारोबार फीका पड़ गया है। यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी कमी दर्ज की जा रही है। पर्यटन कारोबारियों को अब हनीमून सीजन से उम्मीदें हैं। उम्मीद है कि मार्च में हनीमून मनाने के लिए मनाली में पर्यटक पहुंचना शुरू हो जाएंगे। इससे कारोबार बढ़ेगा। गौरतलब है कि जनवरी में मनाली में अच्छा कारोबार चल रहा था। 23 जनवरी को भारी बर्फबारी होने के बाद पर्यटकों की संख्या में कमी आनी शुरू हुई। वर्तमान में ग्रीन टैक्स बैरियर पर रोजाना 400 से 500 पर्यटक वाहन ही पंजीकृत हो रहे हैं। मनाली आने वाली वोल्वो बसों की संख्या भी घटकर 50 से 60 रह गई है। होटल कारोबारियों लवली, कमलेश और गौतम ठाकुर का कहना है कि इन दिनों पर्यटकों की संख्या कम है। शादियों के मुहूर्त भी शुरू होने वाले है। इसके बाद मनाली में आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंदर ठाकुर ने कहा कि हालांकि वर्तमान में पर्यटकों की संख्या कम है, लेकिन आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की पूरी उम्मीद है। जल्द हनीमून मनाने के लिए हनीमून कपल मनाली का रुख करेंगे।