जैविक खेती की ओर किसानों का ध्यान
- फोटो : amar ujala
आयुर्वेद एवं सहकारिता कर्ण सिंह ने शुक्रवार को तीर्थन घाटी के गांव साईरोपा में 67वें वृत्त स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ और ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के कार्यालय परिसर में लगभग सात लाख की लागत से निर्मित स्वागत कक्ष का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कर्ण सिंह ने कहा कि ग्रेट हिमालयन पार्क कार्यालय परिसर में स्वागत कक्ष के निर्माण से समूची तीर्थन घाटी में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को सुविधा होगी और वे घाटी के अत्यंत सुंदर स्थलों के दीदार कर सकेंगे। हिमाचल की बहुमूल्य जड़ी-बूटियों के संरक्षण व संवर्द्धन के लिए आयुर्वेद विभाग अब वन विभाग के साथ मिलकर कार्य करेगा। विशेषकर कुल्लू जिला में हर्बल गार्डन स्थापित किए जाएंगे।
तीर्थन घाटी में हामणी के मत्स्य फार्म का कार्य अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं और इसके परिसर को बाढ़ से बचाने के लिए वन, आयुर्वेद और मत्स्य पालन विभाग मिलकर कार्य करेंगे तथा वहां पौधारोपण किया जाएगा। बीते दिनों नियंत्रण रेखा के पार किए गए सर्जिकल आपरेशन के लिए भारतीय थल सेना को बधाई देते हुए कर्ण सिंह ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।
इस मौके पर कुल्लू वन वृत्त के अरण्यपाल बीएल नेगी और सिराज वन मंडल के डीएफओ एसबी पटेल ने आयुर्वेद मंत्री का स्वागत किया तथा वन महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला। नेशनल पार्क के डीएफओ कृपाशंकर ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक पाठशाला दोघरीरोपा के विद्यार्थियों और युवक मंडल देउठा के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस मौके पर एसडीएम एमआर भारद्वाज, जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, नगर पंचायत बंजार के अध्यक्ष कुंजलाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव राम सिंह मियां, जिला कांग्रेस महासचिव जय बिहारी लाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, महासचिव टीसी महंत, किशन ठाकुर, ब्लाक युवा कांग्रेस अध्यक्ष भोपाल ठाकुर और अन्य मौजूद थे।