भारतीय किसान संघ की मंगलवार को बैठक हुई। अध्यक्षता किसान संघ के प्रदेश महामंत्री उमेश सूद ने की। इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इस दौरान 19 से 21 फरवरी तक राजस्थान के जयपुर में होने वाले त्रिवार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर सदस्यों ने अपने विचार रखे। निर्णय लिया गया कि जिले से 50 किसान इस अधिवेशन में शामिल होंगे। अधिवेशन में जिला कुल्लू की ओर से कृषि मे
ला प्रदर्शनी में विशेष कार्यक्रमों की चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा बैठक में किसान संघ ने प्रस्ताव पारित किया कि सरकार ऐसा टाल फ्री नंबर जारी करे, जिसका उपयोग किसी भी समस्या आने पर किसान कर सकें। इस दौरान सरकार से इस वर्ष का फसल ऋण माफ करने, आगामी फसल के लिए बीज आदि निशुल्क मुहैया करवाने, किसानों का शोषण करने वाले स्थानीय साहूकारों पर कड़ी कार्रवाई करने, फसलों के नुकसान का तुरंत मुआवजा देने की मांग की गई। संघ के जिलाध्यक्ष सुखदेव शास्त्री ने कहा कि जिले में सदस्यता अभियान को तेज किया जाएगा। उन्होंने संगठन की एकजुटता के लिए सभी किसानों से मिलकर चलने का आह्वान किया।
किसान संघ के प्रदेश महामंत्री उमेश सूद ने खंड समितियों, ग्राम समितियों के गठन के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जैविक कृषि पर जोर देने के लिए कहा। वर्तमान में रसायनिक खादों के प्रयोग से मृदा स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। मार्च में जैविक कृषि को लेकर किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान किसान संघ के महासचिव गोशाल चंद, प्रचार प्रमुख रमेश ठाकुर आदि मौजूद रहे।