भूमि को समतल करने का काम शुरू, तीन महीने में पूरा करने का रखा लक्ष्य
स्पीति के रांगरिक में भी कृषि भवन और सब्जी मंडी बनाने के लिए भूमि का चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कारगा में सब्जी मंडी के लिए भूमि को समतल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। लाहौल घाटी के किसानों-बागवानों को इससे फल और सब्जी उत्पाद बेचने के लिए सुविधा मिलेगी।
इसके शुभारंभ पर कृषि उत्पाद मंडी समिति के जिला कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के सदस्य अनिल सहगल उपस्थित रहे। सहगल ने बताया कि सब्जी मंडी स्थल को समतल करने का कार्य शुरू कर दिया है। जल्द इसका कार्य पूरा हो जाएगा। सहगल ने कहा कि इसके लिए बजट का प्रावधान करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां, विधायक अनुराधा राणा ने प्रयास किए हैं। कहा कि सब्जी मंडी के लिए प्रथम चरण में भूमि को समतल करने और डंगा लगाने का काम होगा। यह काम पूरा करने के लिए ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि 3 महीने में कार्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्पीति के रांगरिक में कृषि भवन निर्माण और सब्जी मंडी बनाने के लिए भूमि का चयन कर लिया है। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसका निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इससे स्पीति घाटी के लोगों को भी फायदा पहुंचेगा। फिलहाल, कारगा में सब्जी मंडी के शुभारंभ के दौरान तांदी पंचायत के प्रधान वीरेंद्र भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। संवाद