कुल्लू। प्रदेश में जाली पहचान पत्र से सिम बेचने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। कुल्लू जिले में भी करीब 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन पर फर्जी दस्तावेजों पर सिम कार्ड बेचने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि सीआईडी के पत्र पर हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीजीपी ने सभी जिला पुलिस को इस तरह से सिम बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी के आधार पर जिला पुलिस ने भुंतर, कुल्लू और ब्रौ थाना में लगभग 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इसमें 10 के करीब मामले भुंतर थाना में दर्ज हुए हैं। पुलिस ने एफआईआर में सिम कार्ड बेचने वाले कम्युनिकेशन की दुकानों को नामजद किया है। ऐसे में अब पुलिस इनसे सिम बेचने के रिकार्ड को भी तलब करने की तैयारी में है। इसके बाद ही जांच में साफ होगा कि कितने लोगों को फर्जी दस्तावेजों पर सिम कार्ड वितरित किए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से जिलेभर में हड़कंप है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू साक्षी वर्मा ने कहा कि जिले में करीब 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फर्जी दस्तावेजों से हासिल सिम कार्ड को ऑनलाइन ठगी और दूसरी आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जाता है। कहा कि इन्हीं सिम कार्ड से शातिर भोले भाले लोगों के साथ फ्राॅड करते हैं।
एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों को अनजान कॉल और किसी तरह के मैसेज एवं लिंक पर ध्यान न देने की अपील की है। संवाद