कुल्लू। जिले में सभी खंडों के अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के चुनाव के बाद अब जिला कार्यकारिणी को लेकर कर्मचारियों में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 18 अक्तूबर को कुल्लू के सरवरी स्थित आशा क्लब में जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के चुनाव होंगे। जिला अध्यक्ष के साथ कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा।
त्रिलोक ठाकुर गुट के चुनाव में जिला संयोजक संजीव भारद्वाज का जिला अध्यक्ष बनना लगभग तय है। बावजूद कर्मचारियों में चुनाव को लेकर खासा उत्साह है। कर्मचारी महासंघ की शहरी इकाई के अध्यक्ष तेजा सिंह ने बताया कि 18 अक्तूबर को सांविधानिक रूप से खंडों और विभागीय चुनाव से बनी नई कार्यकारिणी जिले के चुनाव करवाएगी।
इसमें गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इसके अलावा उद्यान विभाग कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष राजीव चौहान, जल शक्ति विभाग के मिनिस्टीरियल विभाग कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एलडी चौहान, रविंद्र मेहता और निप्पी ठाकुर भी मौजूद रहेंगे।
जिला संयोजक संजीव भारद्वाज ने बताया कि चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। चुनाव में नवनियुक्त सात खंडों में चुनी गई कार्यकारिणी के प्रतिनिधि और विभागीय कार्यकारिणी के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। राज्य स्तरीय चुनाव भी 27 अक्तूबर को नव बिहार शिमला में होंगे। संवाद