कुल्लू। राज्य कर एवं आबकारी विभाग कुल्लू की टीम ने मंगलवार को बंजार की ग्राम पंचायत थाटीबीड़ में एक रिहायशी परिसर में छापा मार कर भारी मात्रा में अवैध रूप से रखी शराब बरामद की।
विभाग की टीम ने शराब की 235 बोतलें कब्जे में ली हैं। आबकारी विभाग कुल्लू के उपायुक्त मनोज डोगरा ने बताया कि विभाग की टीम ने छापा मार 235 बोतलें शराब की बरामद की हैं। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि अवैध रूप से रखी शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसे किस उद्देश्य से रखा गया था। उन्होंने बताया कि दल में विभाग के एएसटीईओ पंकज राणा, एएसटीईओ बंजार सुरेश कुमार, एएसआई तिलक राज, ओम प्रकाश, देश राज, अशोक कुमार, तोत राम आकाश शामिल रहे। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने कहा कि अवैध रूप से शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। संवाद