लाहौल में चंद्रा नदी में लापता पर्यटको की तलाश में जुटी टीमे।-संवाद
लापता पर्यटक युवक की तलाश में जुटी रही सात रेस्क्यू टीमें
कुल्लू के बबेली से गई राफ्ट टीम तीन किमी की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला के सिस्सू के पास चंद्रानदी में झारखंड के लापता पर्यटक युवक का दूसरे दिन सुराग नहीं लग पाया है। युवक की तलाश में सात टीमें सुबह से लेकर शाम तक जुटी रही।
इसमें जिला पुलिस और क्यूआरटी की चार टीमों के अलावा बबेली की राफ्ट टीम, मनाली एडवेंचर सर्च एंड रेस्क्यू टीम,स्थानीय निवासियों की एक टीम शामिल रही। शाम को अभियान रोक दिया गया है। जिला पुलिस ने कोकसर पुलिस चौकी के साथ केलांग और उदयपुर थाना को भी अलर्ट कर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान कुल्लू से गई राफ्ट टीम सहित अन्य टीमों ने करीब तीन किलोमीटर तक चंद्रानदी के किनारों को छान माना, मगर कोई सुराग नहीं मिला। बता दें कि सिस्सू हेलीपैड के पास चंद्रा नदी में 6 अप्रैल को दो पर्यटक गिर गए थे। इनमें एक झारखंड के एक युवक का शव बरामद हो गया है, जबकि दूसरा अभी लापता है। दोनों दोपहर के आसपास एक पुरानी टूटी हुई लोहे की पुलिया पर चढ़े थे। अचानक एक व्यक्ति का पैर फिसलने से गिर गया और दूसरा उसको बचाने के प्रयास में चंद्रा नदी में कूद गया था। पुलिस उप अधीक्षक केलांग राज कुमार ने कहा कि सोमवार को दूसरे दिन सुबह से लेकर शाम तक तलाश अभियान जारी रहा। कुल सात टीमें में इसमें लगी हुई थी, मगर अभी तक कोई पता नहीं लग पाया है। कहा कि मंगलवार को भी अभियान जारी रहेगा।