कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर में अब कुल्लू, लाहौल-स्पीति, चंबा जिला के पांगी, मंडी जिले के सीमांत क्षेत्रों के लोगों को पूर्व की भांति स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। वीरवार से ट्राॅमा सेंटर फिर से शुरू कर दिया गया। इससे पहले यहां पर डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर चलाया जा रहा है, जिसे अब शिफ्ट कर दिया गया है। कोविड केयर सेंटर को बदलने के लिए पिछले करीब एक सप्ताह से प्रक्रिया चल रही थी। सामान आदि शिफ्ट करने के बाद वीरवार से ट्राॅमा सेंटर को शुरू कर दिया गया। आपातकालीन सेवाएं यहां पर लोगों को 24 घंटे मिलेंगी। कुल्लू अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर में 10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। हर बेड पर मरीजों के लिए ऑक्सीजन से लेकर अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। कुल्लू अस्पताल में इससे पहले ट्राॅमा सेंटर को अस्पताल की पुराने भवन में चलाया जा रहा था। अस्पताल भवनों के बीच यह जगह होने के कारण लोगों को कई बार यहां तक पहुंचने में मुश्किल आती थी। लेकिन ट्राॅमा सेंटर कुल्लू अस्पताल के निचले गेट पर स्थित है। ऐसे में मरीजों को यहां पर लाने में मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश ने बताया कि कुल्लू अस्पताल के पुराने ट्रॉमा सेंटर में सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। यहां पर बनाए गए डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है।
..संवाद