32 किमी खंजर तक सड़क की बहाली में लग सकते हैं दो-तीन दिन
तिंदी में भी बिजली बहाल करने पर विधायक ने कर्मियों को सराहा
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। घाटी के अति दुर्गम क्षेत्र मयाड़ में बिजली बहाल हो गई है। बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने बर्फ में कदमताल कर क्षतिग्रस्त बिजली के तारों को ठीक कर मयाड़ घाटी की दो पंचायतें तिंगरेट और चिमरेट में शनिवार को बिजली बहाल कर दी है।
मयाड़ के साथ तिंदी में भी बिजली बहाल हो गई है। वीरवार को बर्फबारी से उदयपुर उपमंडल के अंतर्गत मयाड़ और तिंदी में बिजली आपूर्ति ठप हाे गई थी। बिजली बोर्ड कर्मियों के सराहनीय प्रयासों को विधायक ने सराहा है। विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि घाटी के सभी संपर्क सड़कों को प्राथमिकता से बहाल किया जाए, जिससे लोगों को आवाजाही में असुविधा न हो।
लोक निर्माण विभाग चिनाव मंडल उदयपुर ने मयाड़ संपर्क सड़क बहाली का कार्य भी शुरू कर दिया है। उदयपुर से मयाड़ घाटी की संपर्क सड़क खंजर गांव तक 32 किलोमीटर है। ऐसे में मौसम ने साथ दिया तो दो-तीन दिन में संपर्क सड़क बहाल हो सकती है। मयाड़ लाहौल का सबसे दुर्गम क्षेत्र है। लोक निर्माण विभाग चिनाव मंडल उदयपुर के अधिशासी अभियंता पवन राणा ने कहा कि मयाड़ घाटी की संपर्क सड़क की बहाली का कार्य शनिवार को शुरू कर दिया है। सभी संपर्क सड़कें यातायात के लिए जल्द बहाल कर दी जाएंगी।