लुहरी स्कूल में 14 को आयोजित होगी क्षमता निर्माण कार्यशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों के 125 इको क्लब प्रभारियों के लिए 14 अक्तूबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लुहरी में क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में प्रभारियों को ई-कचरा प्रबंधन समेत पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद इको क्लब प्रभारी अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को ई-कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यशाला में प्रभावी ई-कचरा प्रबंधन प्रणाली के साथ पोषण और स्वास्थ्य के लिए बाजरा व औषधीय पौधों के उपयोग, स्वस्थ ऊर्जा और जल संरक्षण के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी।
ई-कचरा प्रबंधन देश के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पुराने मोबाइल, लैपटॉप और टीवी समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाले कचरे में शीशा और पारा जैसे हानिकारक तत्व होते हैं। इनके उचित निपटान के अभाव में मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसे देखते हुए स्कूलों में इको क्लब के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कुल्लू ज्ञानचंद ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य इको क्लब प्रभारियों को ई-कचरा प्रबंधन, स्वच्छ वातावरण और औषधीय पौधों के महत्व के प्रति प्रशिक्षित करना है। प्रशिक्षण के बाद प्रभारी विद्यार्थियों को इन विषयों के प्रति जागरूक करेंगे। संवाद