औषधीय पौधों के उपयोग और उनके फायदों से हुए परिचित
कुल्लू में क्षमता निर्माण कार्यशाला में 125 प्रभारी रहे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के सरकारी विद्यालयों के इको क्लब प्रभारियों के लिए क्षमता निर्माण कार्यशाला करवाई गई। इसमें 125 प्रभारियों को पीएमश्री राजकीय केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय कुल्लू में प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण तीन विषयों पर आधारित रहा।
प्रभारियों ने प्रभावी ई-कचरा प्रबंधन प्रणाली को सीखा। प्रशिक्षण के बाद विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियाें को जागरूक करेंगे। कार्यशाला में गुणवत्ता और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक डॉ. सुनील दत्त ठाकुर मुख्यातिथि थे। उन्होंने कहा कि इको क्लब विद्यालयों में पर्यावरण शिक्षा का मजबूत माध्यम हैं। इस प्रकार की कार्यशालाएं शिक्षकों को नई दिशा और प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने सभी प्रभारियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए नवीन गतिविधियां अपनाने, विद्यार्थियों को व्यवहारिक सीख उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण, जलवायु जागरूकता और विद्यार्थियों की सहभागिता सशक्त बनाना रहा। सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यालय स्तर पर हरित पहल की योजना एवं क्रियान्वयन, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान, जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरणीय गतिविधियों की वार्षिक रूपरेखा तथा विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण परियोजनाओं का संचालन विषय पर प्रशिक्षण दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और सभी को पर्यावरणीय सरोकारों को विद्यालय एवं समुदाय स्तर पर प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।