बिजली महादेव-कुल्लू रूट के यात्री बोले, समय से चलाई जाएं बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बिजली महादेव-कुल्लू रूट पर एचआरटीसी की बसें समससारिणी के अनुसार न चलने से यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। एक बस समय सारिणी से करीब 15-20 मिनट देरी से चल रही है जबकि दूसरी बस समय सारिणी से 10-15 मिनट पहले ही चली जा रही है। इससे सवारियां छूट रही हैं। उन्हें पैदल ही कुल्लू की ओर जाना पड़ रहा है। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और नौकरी पेशा लोगों को ज्यादा दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
सुबह के समय बिजली महादेव से कुल्लू की ओर दो बसें संचालित की जा रही हैं। धार्ठ से चलने वाली बस का समय सुबह 07:45 बजे हैं। यह बस करीब आठ बजे चल रही है। दूसरी बस रोगी मोड़ से चलती है। इसका चलने का समय सुबह 08:15 बजे हैं लेकिन यह बस समय से पूर्व ही निकल जाती है। इससे सवारियां छूट जाती हैं। यात्री सोमदेव, मोहित, आकाश, अक्षिता, मोनिका, सोनिका, अक्षरा ने कहा कि सुबह समय से पहले ही बस के निकलने से यात्री छूट रहे हैं। इससे उन्हें पैदल ही सफर करना पड़ रहा है। अंतरराज्यीय बस अड्डा प्रभारी कुल्लू मनोज कुमार ने कहा कि चालकों-परिचालकों को समय सारिणी के अनुसार बस संचालन के निर्देश दिए जाएंगे। संवाद