घटना के वीडियो को खंगालने में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। ढालपुर में देवता भृगु ऋषि के अस्थायी शिविर में हुए विवाद को लेकर जांच अधिकारी डीएसपी आनी ने छानबीन शुरू कर दी है। जांच के लिए डीएसपी कुल्लू पहुंच गए हैं।
घटना को लेकर वायरल हो रहे वीडियो की जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने यहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालना शुरू कर दिया है। तहसीलदार कुल्लू हरि सिंह ने इसको लेकर पुलिस थाना कुल्लू में मामला दर्ज करवाया है। इसमें उन्होंने एक नामजद व्यक्ति सहित कई अन्य पर मारपीट करने तथा उनको यातनाएं देने का आरोप लगाया है। देवलू तहसीलदार पर देवता के शिविर में जूते के साथ आने की बात कह रहे हैं। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।