कुल्लू के भुंतर स्थित नशा मुक्ति केंद्र के डॉक्टर सत्यव्रत वैद्य।-संवाद
कुल्लू। सूबे के पहले महिला और पुरुष मरीजों के लिए स्थापित एकीकृत नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र भुंतर में अब स्वरोजगार संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इसके लिए जिला प्रशासन के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग विशेष पहल करेगा। नशे की लत छूटने के बाद स्वस्थ हुए मरीज स्वरोजगार कैसे अपना सकते हैं, इसका मरीजों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्र में मरीजों के शारीरिक विकास के लिए जल्द ओपन एयर जिम स्थापित किया जाएगा। इसमें खेल सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
इस संबंध में व्यसन उपचार सुविधा कुल्लू के नोडल अधिकारी डॉ. सत्यव्रत वैद्य ने कहा कि नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र भुंतर में मरीजों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने केंद्र में मरीजों को प्रशिक्षण प्रदान की संभावनाएं तलाशने, ओपन जिम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मरीजों को सुविधाएं प्रदान की जा सकें। संवाद