सैंज (कुल्लू)। ग्राम पंचायत रैला के मोभा गांव के बाशिंदे एक साल से पीने के पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रहे हैं। जलशक्ति विभाग ने गांव की योजना को लावारिस छोड़ दिया है। गांव में पीने के पानी की किल्लत चल रही है।
गांव में एक साल से पेयजल की समस्या चल रही है लेकिन जलशक्ति विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कायचरा से मोभा तक बनाई गई तीन किलोमीटर लंबी पेयजल योजना जगह-जगह खराब पड़ी है। पेयजल योजना में पानी का रिसाव हो रहा है। लोगों के कंठ प्यासे रह रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के कोई भी अधिकारी और कर्मचारी इस योजना की देखभाल करने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
अब गर्मियां शुरू होंगी, ऐसे में ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीण मोहर सिंह नेगी, कैलाश ठाकुर, टिकम धामी, गौतम ठाकुर, मोती राम, परिदत्त, प्रेम सिंह आदि ने कहा कि कई बार जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई। बावजूद समाधान का समाधान नहीं हुआ। विभाग की अनदेखी का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चेताया है कि अगर पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो विभाग के अधिशासी अभियंता के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
....
कायचरा से मोभा के लिए पेयजल योजना पर जलशक्ति विभाग की ओर से जलरक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। अगर अपने कार्य के प्रति कोई भी कर्मचारी कोताही बरतता हुआ पाया गया तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-गौरव शर्मा, अधिशासी अभियंता, जलशक्ति विभाग, लारजी
.....
गांव के लोग सालभर से पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं। विभाग को बताने के बाद भी पानी नहीं मिल पा रहा है। विभाग से आग्रह है कि पानी की सप्लाई को लेकर उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
-टेक सिंह स्थानीय निवासी
....
पानी की समस्या से जूझ रहे गांव के लोगों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन को दखल देना चाहिए। उपायुक्त कुल्लू से आग्रह है कि संबंधित विभाग को इस संदर्भ में निर्देश जारी करें ताकि समस्या का समाधान हो सके।
-मोहर सिंह नेगी, प्रधान लक्ष्मी क्लब रैला
000