सैंज (कुल्लू)। रोपा-शांघड़ सड़क पर टारिंग का कार्य जारी है, लेकिन सड़क के किनारे नालियों का अभाव ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि टारिंग का कार्य पूरा होने से पहले सड़क के किनारे पक्की नालियों का निर्माण किया जाए, ताकि बारिश का पानी सड़क पर न बहे।
ग्रामीणों कर्ण सिंह नेगी, इंद्र सिंह राणा, यशवंत डोगरा, जय देव ठाकुर, ज्ञान कारदार, नंद लाल पुजारी और टेक सिंह पालसरा ने लोक निर्माण विभाग से जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि रोपा-शांघड़ सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। ऐसे में सड़क की मजबूती के लिए नालियों का निर्माण जरूरी है। उन्होंने विभाग से समय रहते स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि सड़क का लाभ लंबे समय तक मिल सके। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मेघ सिंह ने कहा कि जल्द ही रोपा-शांघड़ सड़क में निकासी नालियों की मरम्मत की जाएगी। संवाद